अखिलेश ने भाजपा के परिवारवाद पर किया हमला, बोले दो नंबर के नेता के बेटे ने क्रिकेट की दुनिया में कैसे रखे कदम?

अखिलेश ने भाजपा के परिवारवाद पर किया हमला, बोले दो नंबर के नेता के बेटे ने क्रिकेट की दुनिया में कैसे रखे कदम?

लखनऊ। सांध्य हलचल ब्यूरो

 उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के परिवारवाद के आरोपों को लेकर निशाना साधा. अखिलेश ने कहा कि  बीजेपी ने हमेशा अपनी पार्टी में हो रहे परिवारवाद की अनदेखी की है. अखिलेश ने एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में बोला, "मैंने बलिया में उनके द्वारा दिया गया भाषण सुना. उन्होंने अपने भाषण में परिवार और भाई-भतीजावाद के बारे में 15 बार बात की और पूरे दिन में, उन्होंने भाई-भतीजावाद के बारे में कम से कम 25 बार बात की होगी. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि सिर्फ इसलिए कि उनके परिवार में बात करने के लिए कोई नहीं है का मतलब यह नहीं है कि वे परिवारवादी नहीं हैं.

अखिलेश बोले, "आज क्रिकेट की दुनिया में उनके दो नंबर के नेता के बेटे ने कैसे प्रवेश किया है? वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,  अगर उनके मामा मठ में नहीं होते, तो शायद हमारे मुख्यमंत्री भी मठ में नहीं होते. उन्होंने आगे कहा, "जब प्रधानमंत्री बलिया में परिवारों और भाई-भतीजावाद पर अपना भाषण दे रहे थे, तो क्या उन्होंने यहां के पूर्व सांसद को अपने बगल में खड़ा नहीं देखा?  क्या वह ज्योतिरादित्य सिंधिया को भूलने जा रहे हैं?  उनकी दो बुआ भाजपा में हैं. खुद किसके बेटे हैं? कर्नाटक के जो मुख्यमंत्री हैं, वो किनके बेटे हैं? अगर इनके पास परिवार नहीं है तो हम क्या कर सकते हैं."

10 मार्च को परिणाम घोषित होने पर विजयी होने का विश्वास व्यक्त करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "इस बार अधिक उत्साह और ऊर्जा है. यह पहला चुनाव है जहां मैं लोगों को अपनी मर्जी से आते देख रहा हूं. हम बदलाव चाहते हैं, लेकिन हमसे अधिक ये लोग बदलाव चाहते हैं." उन्होंने परिणाम से पहले ही यकीन दिलाया की इस बार उत्तर प्रदेश मे समाजवादी राज्य होगा.